झारखंड

युवक की धारदार हथियार से हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार

खूंटी, 08 अक्टूबर । अड़की थाना क्षेत्र के हेमरोम गांव में बुधवार की देर रात दारू दुकान के समीप युवक महेंद्र शोले (24) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही अड़की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान हूंठ गांव निवासी चमरा मुंडा के पुत्र महेंद्र शोले के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार की देर रात महेंद्र हेमरोम गांव में शराब दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान किसी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के पिता ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से बेटे की हत्या की सूचना मिली थी। वहीं, मृतक के चचेरे भाई राहुल शोले ने बताया कि महेंद्र की किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं थी।

ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल के समीप स्थित दारू दुकान में अक्सर ताश और जुआ खेलने की बात सामने आती रही है। आशंका जताई जा रही है कि जुआ खेलने के दौरान किसी विवाद के बाद महेंद्र पर हमला किया गया होगा। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *