झारखंड

हाथियों के झुंड ने फिर मचाया उत्पात, 8.75 एकड़ में फसल बर्बाद

पलामू, 08 अक्टूबर । जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के करसो पंचायत के केल्हार गांव में बुधवार की देर रात 14 हाथियों के झुंड ने एक बार फिर उत्पात मचाया। करीब आठ एकड़ 75 डिसमिल में लगी धान और मक्का की फसल रौंदकर बर्बाद कर दिया।

हाथी थमहवा जंगल की ओर से केल्हार गांव में अचानक पहुंचे थे। पूरी रात ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।

उल्लेखनीय है कि चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड एक सप्ताह से तबाही मचा रखा है।

हाथियों ने किसान सूरज यादव, अमरदेव यादव, शिवलाल विश्वकर्मा, मुकेश यादव, लक्ष्मण विश्वकर्मा, मदन यादव, दिनेश कोरवा, नंदलाल यादव, भोला यादव सहित अन्य के खेतों में लगी धान और मक्का की फसल को नुकसान पहुंचाया।

हाथियों के झुंड को गांव से दूर भगाने के लिए ग्रामीण देर रात तक संघर्ष करते रहे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, लेकिन हाथी केल्हार नर्सरी के पास जमे हुए हैं।

प्रभावित किसानों ने गुरुवार को बताया कि धान एवं मक्का की फसल तैयार होने के समय हाथियों के आने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने वन विभाग से क्षतिग्रस्त फसल का स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने हाथियों से फसल और जान-माल की सुरक्षा के लिए वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *