Home

विश्व वुशु दिवस 9 अगस्त को, झारखंड के सभी जिलों में होंगे विशेष आयोजन


रांची। आगामी 9 अगस्त 2025 को पूरे भारतवर्ष में विश्व वुशु दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान में राज्य के सभी जिलों में विभिन्न खेलक्रीड़ा कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

वुशु केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्म-संयम, स्वास्थ्य और आत्मविकास का भी माध्यम है। इस दिवस का उद्देश्य वुशु के इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना और इस पारंपरिक खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

झारखंड वुशु एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निम्नलिखित गतिविधियाँ आयोजित करें:

  1. वुशु का प्रदर्शन और प्रस्तुतियाँ – जिसमें विशेष रूप से ताई ची को प्रमुखता दी जाएगी।
  2. कार्यशालाएँ एवं प्रशिक्षण सत्र – वुशु की तकनीकों और उपयोगिता पर केंद्रित।
  3. सेमिनार एवं व्याख्यान – वुशु के शारीरिक और मानसिक लाभों पर।
  4. जिलास्तरीय प्रतियोगिताएँ और टूर्नामेंट – प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच देने हेतु।

श्री दुबे ने राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी करें और झारखंड में वुशु के प्रचार-प्रसार में अपनी भूमिका निभाएं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *