“उलगुलान” कार्यक्रम के तहत कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल के 200 विद्यार्थियों ने किया जनजातीय संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, झारखंड की आदिवासी संस्कृति से हुए रूबरू
रांची, 06 अगस्त 2025 : आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से “उलगुलान” कार्यक्रम के तहत कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल कांके रोड के 200 विद्यार्थियों को जनजातीय संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। यह आयोजन बच्चों को झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और इतिहास से अवगत कराने के उद्देश्य से किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर झारखंड के पुरोधा, दिशोम गुरु व झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक स्वर्गीय शिबू सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में झारखंड राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन जी ने ही इस संग्रहालय की नींव रखी थी।
छात्रों ने संग्रहालय में झारखंड की 32 जनजातियों के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पक्षों को नजदीक से देखा और समझा। उन्होंने पारंपरिक पहनावे, रहन-सहन, बोली, हस्तशिल्प, आभूषण, वाद्ययंत्रों और हथियारों से जुड़े दुर्लभ प्रदर्शनों का अवलोकन किया। कांस्य युग से लेकर आधुनिक युग तक की झलक देने वाले मॉडलों ने बच्चों को झारखंड के सांस्कृतिक विकास की पूरी यात्रा से रूबरू कराया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में स्कूल की प्राचार्या प्रेमलता कुमारी, समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, मंजुला बेरा, रश्मि प्रसाद, निहारिका निर्मल, मोनिका कुमारी समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं व सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित “उलगुलान” कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक चेतना जागृत करना, और उन्हें अपने समाज की जड़ों से जोड़ना है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस अनुभव से छात्रों में समाज के प्रति समझ और संवेदनशीलता विकसित होगी।
