Home

“विश्व शांति ताकत से आती है, सिर्फ बातों से नहीं”- रांची में छात्रों से बोले नौसेना प्रमुख

Ranchi : भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने रांची में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों के सवालों का खुलकर जवाब दिया और आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा विश्व शांति जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

टेंडर हार्ट स्कूल में संवाद के दौरान एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि वह भाषण देने के बजाय छात्रों से सीधी बातचीत करना चाहते हैं। इस दौरान ब्रिजफोर्ड स्कूल के छात्र नवाशीष राणा ने सवाल किया कि जब भारत विश्व शांति की बात करता है, तो फिर हथियारों की खरीद क्यों बढ़ रही है। इस पर एडमिरल ने कहा कि विश्व शांति केवल बातों से संभव नहीं है। जब कोई देश सक्षम होता है, तभी उसकी बात सुनी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत 2030 तक रक्षा क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन जाएगा।

डोरंडा कॉलेज के छात्र रोहित कुमार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर प्रश्न किया। एडमिरल त्रिपाठी ने बताया कि डिफेंस सेक्टर तेजी से आत्मनिर्भर हो रहा है और थलसेना, वायुसेना व नौसेना मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस ऑपरेशन में ऐसी रणनीतिक घेराबंदी की गई थी कि दुश्मन का एक भी जहाज अपने बेस से बाहर नहीं निकल पाया।

टॉरियन स्कूल की छात्रा सुनंदा के सेना में अनुशासन से जुड़े सवाल पर एडमिरल ने कहा कि अनुशासन ही सशस्त्र बलों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बिरसा मुंडा के नारे ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का उल्लेख करते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक बताया।

इससे पहले सीसीएल सभागार में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम में एडमिरल त्रिपाठी ने झारखंडी परंपरा के अनुसार ‘जोहार’ के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उनका कहना था कि भारत को शिक्षा, चिकित्सा और तकनीक के क्षेत्र में ऐसा बनना चाहिए कि पूरी दुनिया उसे अपनी पहली पसंद माने और लोग भारत की नागरिकता लेना चाहें।

संवाद कार्यक्रम के बाद एडमिरल त्रिपाठी रांची क्लब पहुंचे, जहां सांसद कला महोत्सव के तहत आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *