रांची में 60वीं नेशनल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप संपन्न, 700 से अधिक एथलीटों ने दिखाया दम

Ranchi : एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) और झारखंड एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 24 जनवरी को रांची के नामकुम स्थित आर्मी कुटियातू मैदान में आयोजित 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री दौड़ चैंपियनशिप का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता के लिए दो किलोमीटर का विशेष ट्रैक तैयार किया गया था।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया। रेलवे स्पोर्ट्स बोर्ड, एसएससीबी, ऑल इंडिया पुलिस और विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच पदकों को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी टीमों के लिए पदक जीते।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव और उपाध्यक्ष संजय पांडे मौजूद रहे। अतिथियों ने फ्लैग ऑफ कर दौड़ की शुरुआत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमरीवाला, सैफ अध्यक्ष ललित भनोट, भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच राधा कृष्ण नायर, एएफआई कोषाध्यक्ष बी.ई. स्टेनली जॉन्स, टेक्निकल चेयरमैन रविंद्र चौधरी और जेओए कोषाध्यक्ष शिवेंदु दुबे समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में एएफआई फाइनेंस कमिटी के चेयरमैन एवं झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह सहित प्रभाकर वर्मा, सिकंदर महतो, अजय नायक, बंधन टोप्पो, प्रभात रंजन तिवारी और शिव कुमार रमन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता के दौरान एएफआई के टेक्निकल डेलीगेट हनीफ इकबाल, टी. ओनीमा रेड्डी, सोमनाथ मल्लिक, सुदीप सेन गुप्ता, पी.के. मोहंती, सिद्धार्थ कृष्णा और गिरीश मिश्रा समेत अन्य तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।
टीम चैंपियनशिप के नतीजे
पुरुष वर्ग (10 किमी)
पहला: रेलवे स्पोर्ट्स बोर्ड (38 अंक)
दूसरा: उत्तर प्रदेश (40 अंक)
तीसरा: राजस्थान (48 अंक)
महिला वर्ग (10 किमी)
पहला: रेलवे स्पोर्ट्स बोर्ड (16 अंक)
दूसरा: उत्तर प्रदेश (30 अंक)
तीसरा: केरल (69 अंक)
बालक अंडर-20 (8 किमी)
पहला: उत्तर प्रदेश (22 अंक)
दूसरा: महाराष्ट्र (45 अंक)
तीसरा: हरियाणा (75 अंक)
बालिका अंडर-20 (6 किमी)
पहला: महाराष्ट्र (21 अंक)
दूसरा: कर्नाटक (76 अंक)
तीसरा: हिमाचल प्रदेश (83 अंक)
