Home

पलामू में मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत

पलामू, 13 जुलाई: पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के करडंडा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 48 वर्षीय अनिता देवी की मौत हो गई। वह धर्मेन्द्र मेहता की पत्नी थीं।

परिजनों के अनुसार, अनिता देवी इलाज कराने के लिए जपला जाने हेतु घर से निकली थीं और उन्हें डीजीआर ट्रेन पकड़नी थी। बताया गया कि जिस रेलवे अंडरपास से लोगों का आवागमन होता है, वहां पानी और कीचड़ जमा होने के कारण उन्होंने रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया।

इसी दौरान काशी स्रोत रेल पुल के समीप पोल संख्या 347/13-15 के बीच डाउन लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि अनिता देवी को सुनने में दिक्कत थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उन्हें पीछे से आ रही मालगाड़ी की आवाज का आभास नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मृतका के पति धर्मेन्द्र मेहता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार में उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने रेलवे अंडरपास में जलजमाव और कीचड़ की समस्या पर नाराजगी जताते हुए इसे दुर्घटना का एक प्रमुख कारण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *