लोहरदगा में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, एसआईआर-2026 अभियान की उपायुक्त ने की समीक्षा

लोहरदगा, 13 जुलाई: उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं उनके डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का संग्रहण अपेक्षाकृत धीमी गति से हो रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की दूसरी बैठक तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एएसडीडी सूची और अनमैप्ड मतदाताओं पर चर्चा कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, एसडीओ अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
