जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर, 13 जुलाई: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में संचालित कथित ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसके 22 वर्षीय पुत्र विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 4.32 ग्राम) तथा बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली है।
इस मामले में सीतारामडेरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी सीतारामडेरा और सोनारी थाना में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने की। अभियान में दंडाधिकारी के रूप में नगर निगम मानगो के कनीय अभियंता उमाशंकर, एसआई सूरज प्रसाद, अक्षय कुमार, चांदनी कुमारी, एएसआई जयदेव कुमार दास, हवलदार संजय तिर्की, आरक्षी भीष्म नारायण यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
