पश्चिमी सिंहभूमि

पश्चिमी सिंहभूम में टोंटो थाना प्रभारी बदले, विनोद पासवान को मिली कमान; धनंजय सिंह हटाए गए

एसपी अमित रेणु ने जारी किया आदेश, 24 घंटे के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह को पद से हटा दिया है। उनकी जगह चक्रधरपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विनोद पासवान को टोंटो का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस संबंध में एसपी कार्यालय की ओर से सोमवार, 9 नवंबर को आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार विनोद पासवान को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने और 24 घंटे के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

धनंजय सिंह की कार्यशैली को लेकर मिल रही थीं शिकायतें

टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह की कार्यशैली को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। झारखंड आंदोलनकारी एवं झामुमो के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने उन पर घर में प्रवेश करने, जातिसूचक टिप्पणी करने, दुर्व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने 7 नवंबर को एसपी अमित रेणु से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी थी। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की थी।

जनप्रतिनिधियों ने भी उठाए थे सवाल

धनंजय सिंह की कार्यशैली को लेकर जिला परिषद सदस्य राज तुबिद ने भी 23 अक्टूबर को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री को शिकायत भेजी थी। शिकायत में जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा अवैध वसूली के आरोप लगाए गए थे।

इसके अलावा भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष चंद्र मोहन तीयु ने भी थाना प्रभारी से जुड़ी शिकायतों का मुद्दा उठाया था। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच एसपी की ओर से टोंटो थाना प्रभारी के पद पर बदलाव का आदेश जारी किया गया है।

निलंबन या विभागीय कार्रवाई का जिक्र नहीं

हालांकि, एसपी कार्यालय की ओर से जारी पदस्थापन आदेश में धनंजय सिंह को थाना प्रभारी के पद से हटाने का उल्लेख है, लेकिन उनके खिलाफ निलंबन या किसी विभागीय कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल विनोद पासवान को टोंटो थाना की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *