निशा भगत के पैतृक गांव पहुंचे सुदेश महतो, मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग
परिजनों से मिलकर जतायी संवेदना, कहा- घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों की जवाबदेही तय की जाए
गुमला/रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो सोमवार को गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु बारुडीह गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा कुमारी भगत के परिजनों से मुलाकात की और उनके पिता एवं झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत सहित परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस दुख की घड़ी में परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी और मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी मौजूद रहे।
सीबीआई जांच से सामने आए सच्चाई : सुदेश
सुदेश महतो ने कहा कि निशा भगत की फंदे से लटककर मौत की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। यह सामान्य घटना नहीं है। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।
उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार और पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और शासन-प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
थाना प्रभारी की भूमिका पर भी उठाए सवाल
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि खुदकुशी से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी की ओर से समय रहते सक्रियता नहीं दिखाना गंभीर लापरवाही का मामला है। इससे पुलिस-प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से अब तक इस घटना पर संवेदना व्यक्त नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग
सुदेश महतो ने मांग की कि निशा कुमारी भगत की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कराई जाए। घटना से संबंधित सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और जांच में जिसकी भी भूमिका या लापरवाही सामने आए, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
