बूटी क्रिकेट क्लब की वर्षा कुमारी का झारखंड अंडर-19 महिला टीम में चयन
रांची/बूटी। बीसीसीआई अंडर-19 महिला टी-20 स्टेट चैंपियनशिप के लिए घोषित झारखंड की टीम में बूटी क्रिकेट क्लब की प्रतिभावान खिलाड़ी वर्षा कुमारी का चयन हुआ है। वर्षा की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की अनवरत कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष का सुखद परिणाम है।
मूल रूप से हजारीबाग जिले से खेलने वाली वर्षा कुमारी ने जिला स्तरीय मैचों और राज्यस्तरीय कैंप में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य टीम में जगह बनाई है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष बूटी क्रिकेट क्लब की ही खिलाड़ी कुमारी पलक का चयन भारतीय अंडर-19 महिला टीम में हुआ था। कुमारी पलक भी झारखंड की इस अंडर-19 टीम में शामिल हैं।
वर्षा कुमारी की इस बड़ी सफलता पर बूटी क्रिकेट क्लब के कोच कुमार पंचीत महतो ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वर्षा के चयन पर उनके पिता वीरेंद्र कुमार, माता बेबी देवी, बूटी गांव के मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह, शीतल ओदार, राजू महतो, अशोक ओदार, कुंदन सिंह, संतोष सिंह, राम ओदार तथा बूटी क्रिकेट क्लब के सभी सदस्यों ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
