उपायुक्त ने चैनपुर-लेस्लीगंज में डिजिटाइजेशन कैंप का किया निरीक्षण, कम प्रपत्र-6 संग्रह वाले बूथों की ली जानकारी
पलामू, 07 अक्टूबर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में चल रहे कार्यों की जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को समीक्षा की। उन्होंने चैनपुर प्रखंड कार्यालय और बंदुवा पंचायत भवन में लगाए गए डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण किया और बूथवार प्राप्त प्रपत्र-6 की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिन बूथों पर प्रपत्र-6 का संग्रह अपेक्षाकृत कम पाया गया, वहां संबंधित कर्मियों से इसके कारणों की जानकारी ली गई। वहीं, जिन बूथों पर क्षेत्र के सभी योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6 प्राप्त कर लिए जाने की स्थिति सामने आई, वहां संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजर को इसकी लिखित पुष्टि देने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके भारतीय युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी बूथ क्षेत्र का कोई योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाए।
इसके बाद उपायुक्त लेस्लीगंज प्रखंड सभागार पहुंचे और वहां चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सोनबर्षा, खैराट और गोराडी खास क्षेत्रों में प्रपत्र-6 के कम संग्रह के संबंध में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर के दौरान जिले का कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। यही निरीक्षण और समीक्षा का मुख्य उद्देश्य है। सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी गंभीरता से कार्य करते हुए आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से प्रक्रिया पूरी करें।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक, संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
