18 अगस्त को रांची में होगा वर्ल्ड वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए ट्रायल
कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं होंगे शामिल, चयनित खिलाड़ी पुणे में देंगे नेशनल ट्रायल
रांची, 7 अगस्त: झारखंड के स्कूली विद्यार्थियों को विश्व स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। चीन के शांगलू में 4 से 13 दिसंबर, 2025 के बीच आयोजित होने वाली इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन की वर्ल्ड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य में अंडर-15 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय ट्रायल का आयोजन 18 अगस्त, 2025 को रांची विश्वविद्यालय स्थित आर.के. आनंद पवेलियन में किया जाएगा। इस ट्रायल में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। आयोजन की जिम्मेदारी झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने ली है।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन सोरेंग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रायल का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।
राष्ट्रीय ट्रायल में होंगे अगले चयन
राज्य स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले ट्रायल के लिए भेजा जाएगा, जो कि 26 से 30 अगस्त के बीच पुणे के बालेवाड़ी में आयोजित होगा।
- अंडर-15 बालक वर्ग का ट्रायल 26-27 अगस्त को
- अंडर-15 बालिका वर्ग का ट्रायल 29-30 अगस्त को होगा।
इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य खिलाड़ियों को वर्ल्ड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
