पूर्वी सिंहभूम में दर्दनाक सड़क हादसा: गोविंदपुर में स्कूल बस की चपेट में आने से 7 साल की बच्ची की मौत, दो घायल
पूर्वी सिंहभूम: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बच्ची की जान गई, दो अन्य अस्पताल में भर्ती
मृत बच्ची की पहचान गोविंदपुर निवासी रूही कुमारी (7) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल गोविंदपुर के ही रहने वाले रेहान (11) और रोशन शर्मा (21) को तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद जमकर हंगामा, पुलिस ने चालक को दबोचा
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जाम की वजह से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
इधर, घटना के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेल्को बीएड कॉलेज के पास धर दबोचा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का बयान
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और बस को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
