पलामू

पलामू में धर्मेंद्र राम हत्याकांड का खुलासा: मछली के बंटवारे के विवाद में दो दोस्तों ने ही डैम में दिया था धक्का, दोनों गिरफ्तार

पलामू: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन डैम से बीते 1 अगस्त को बरामद धर्मेंद्र राम के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मछली पकड़ने के दौरान बंटवारे को लेकर हुए विवाद में धर्मेंद्र को उसके ही दो साथियों ने डैम के पानी में धक्का दे दिया था, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

एसपी कपिल चौधरी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने शनिवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में:

  1. अशोक पासवान (48 वर्ष) – निवासी देवगन
  2. सुदेश भुइंया (56 वर्ष) – निवासी तिलहरवा टोला, देवगन

क्या था पूरा मामला?

मृतक धर्मेंद्र राम की पत्नी रानी देवी के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। जांच में सामने आया कि घटना के दिन तीनों दोस्त जाल लेकर देवगन डैम में मछली पकड़ने गए थे। वहां जाल लगाने और मछलियों के बंटवारे को लेकर उनके बीच आपस में कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर अशोक और सुदेश ने गुस्से में आकर धर्मेंद्र को धक्का दे दिया, जिससे वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गया और डूब गया।

डरकर फरार हो गए थे आरोपी

घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से जाने लगे, लेकिन कुछ दूर जाने पर धर्मेंद्र की चिंता होने पर वे वापस लौटे। अशोक ने पानी में उतरकर धर्मेंद्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। धर्मेंद्र की मौत से घबराकर दोनों आरोपियों ने इस बात को किसी से न बताने की कसम खाई और अपने घर जाकर सो गए।

अनुसंधान के दौरान सबूत सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *