श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 267वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
रांची : पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में 267वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर में श्री राधा रानी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों एवं मनोहारी पुष्पों से किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ महाप्रसाद का भोग लगाया।
इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, बोतलबंद जलजीरा शर्बत एवं आलू चिप्स के पैकेट का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में लगभग 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
भक्ति रस से सराबोर भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण एवं श्याम के जयकारों से भक्तिमय हो गया।
इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और करीब 4 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि 25 मई, सोमवार को गंगा दशहरा के अवसर पर मंदिर एवं अपना घर आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, अमिता जालान, संजय सर्राफ सहित अनेक श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
