16 दिनों की मेहनत के बाद रिलैक्स मोड में हॉकी सिमडेगा की टीम
केला घाट में समीक्षात्मक बैठक कर सफल आयोजन के लिए एक-दूसरे को दी बधाई
सिमडेगा, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप-2026 के सफल समापन के बाद सोमवार को हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी और तकनीकी सदस्य रिलैक्स मोड में नजर आए। लगातार 16 दिनों तक सुबह से शाम तक मैचों के सफल संचालन में व्यस्त रहने के बाद सभी पदाधिकारी एवं तकनीकी सदस्य सिमडेगा के पर्यटक स्थल केला घाट पहुंचे।
केला घाट में हॉकी सिमडेगा की समीक्षात्मक बैठक हुई। इसमें प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिता को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में कहा गया कि प्रतियोगिता के आयोजन में जिला खेलकूद विभाग, सिमडेगा का पूर्ण सहयोग मिला। हॉकी झारखंड की ओर से लगातार मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा। सिमडेगा सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने सुबह से शाम तक एंबुलेंस सहित खिलाड़ियों के लिए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई। वहीं, सिमडेगा पुलिस के सुरक्षा कर्मियों ने भी सराहनीय सहयोग किया।
बताया गया कि रांची में झारखंड पुलिस में कार्यरत सुनील लुगुन ने तकनीकी सदस्यों के लिए प्रतिदिन नाश्ते की व्यवस्था की। विनोद कुल्लू ने तकनीकी समिति के सदस्यों के लिए टी-शर्ट उपलब्ध कराई। जय सेंट के संचालक सह सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष धनंजय प्रसाद ने भी आयोजन में पूर्ण सहयोग किया।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मिला सहयोग
पुरुष वर्ग के फाइनल मैच के दौरान सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और आयोजन समिति का मनोबल बढ़ाया। महिला वर्ग के फाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी सुमन तिर्की उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल और तकनीक की बारीकियों का अवलोकन किया तथा पुरस्कार वितरण कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने विधिवत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति का उत्साहवर्धन किया। नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा भी उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित रहे और आयोजन समिति का मनोबल बढ़ाया।
हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला खेलकूद विभाग, हॉकी झारखंड, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, जय टेंट, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, दर्शकों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों तथा सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से 16 दिवसीय प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
समीक्षात्मक बैठक के बाद पदाधिकारियों और तकनीकी सदस्यों ने सामूहिक वनभोज का आनंद लिया। सभी ने आपसी मेल-जोल के साथ प्रतियोगिता की सफलता का जश्न मनाया।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, तकनीकी समिति प्रमुख पैंक्रेटियू टोप्पो, सचिव एल्सन किड़ो, कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी, सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष बसंत बा, करिश्मा परवार, कुनूल भेंगरा, नेहा कुमारी, कुंती कुमारी, समीर डुंगडुंग, राहुल मिंज, विनोद कुल्लू, संजय तिर्की, तलीन तिग्गा, रोहित बेसरा, फ्लेबियस तिर्की सहित हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी और तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित थे।
