Home

अर्जुन सिंह ने संभाला भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प

रांची, 14 सितंबर । भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में सोमवार को किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा और मजबूत एवं सशक्त होगा। किसान के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है। जब किसान विकसित होगा, तभी भारत विकसित होगा और किसान आत्मनिर्भर होगा, तभी देश आत्मनिर्भर बनेगा।

बालमुकुंद सहाय ने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के पक्ष और नीतियों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने का काम करना चाहिए। उन्होंने कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि उन्नत खेती और बेहतर उत्पादन के लिए नई तकनीक तथा वैज्ञानिक शोध महत्वपूर्ण हैं। सहाय ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसानों के हित में कई योजनाएं बनाई गई हैं।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हक और अधिकार की आवाज लगातार उठाता रहा है।

अर्जुन सिंह ने कहा कि किसानों की कोई जाति नहीं होती। देश का प्रत्येक नागरिक किसान और कृषि व्यवस्था से किसी न किसी रूप में जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को व्यापक स्तर पर मेहनत करनी होगी।

अर्जुन सिंह ने कहा कि किसान मोर्चा को प्रदेश स्तर से लेकर प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना और संगठन को पहले से अधिक मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने संगठन के विस्तार के साथ किसानों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।

अर्जुन सिंह ने राज्य की हेमंत सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को 274 रुपये प्रति किलो की दर से यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन किसानों को कथित तौर पर 1,200 रुपये प्रति किलो की दर से यूरिया मिल रहा है।

अर्जुन सिंह ने कहा कि इसी तरह 3,200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया गया था, जबकि खरीद 2,400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित वादाखिलाफी के खिलाफ किसान मोर्चा आंदोलन को तेज करेगा और किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करेगा।

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने इस मौके पर अर्जुन सिंह पर भरोसा जताते हुए कहा कि किसान मोर्चा के माध्यम से संगठन की जो मजबूत नींव तैयार हुई है, उस पर अर्जुन सिंह किसानों के हित में मजबूत संगठन खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में झारखंड के किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अर्जुन सिंह अनुभवी कार्यकर्ता हैं और वर्षों से संगठन के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ किसान मोर्चा को मिलेगा और वे संगठन को मजबूत करने के लिए उचित निर्णय लेंगे।

बाउरी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और किसान मोर्चा भाजपा के लिए जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण संगठन है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार किसान हितैषी योजनाओं को कमजोर कर रही है। अमर बाउरी ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में किसान मोर्चा राज्य सरकार के खिलाफ किसानों के हित में मजबूती से आवाज उठाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, बजरंगी प्रसाद यादव, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह, राजेश कुशवाहा, ऋषिकेश राणा, राजीव शाहदेव और बिनोद ठाकुर समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *