झारखंड

मनोहरपुर में गणेश पूजा पंडाल और 14 दिवसीय मेले का शुभारंभ

चाईबासा, 14 सितंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में प्रसिद्ध गणेश पूजा पंडाल और 14 दिवसीय मेले का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूजा पंडाल और मेला परिसर का उद्घाटन किया। इस मौके पर रूप गणेश पूजा समिति के संरक्षक सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इससे पहले अतिथियों का पुष्पगुच्छ और बाजे-गाजे के साथ स्वागत किया गया।

सांसद जोबा माझी ने इस पावन अवसर पर कहा कि गणेश पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का पर्व भी है। मनोहरपुर का गणेश पूजा मेला वर्षों से लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का माध्यम रहा है। विभिन्न समुदायों के लोग मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जो क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने पूजा समिति को सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की।

विधायक जगत माझी ने कहा कि मनोहरपुर का गणेश पूजा मेला क्षेत्र की पुरानी और लोकप्रिय परंपरा है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने लोगों से मिल-जुलकर पारंपरिक तरीके से गणेश उत्सव मनाने की अपील की।

उद्घाटन के बाद सांसद और विधायक ने पूजा पंडाल तथा मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।

समारोह में जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, मनोहरपुर पूर्वी पंचायत की मुखिया पूजा कुजूर, नंदपुर की मुखिया सुशीला संवैया, उप प्रमुख दीपक एक्का, बंधना उरांव, सत्यनारायण हरलालका, बामिया माझी, अकबर खान, अश्विनी बघेल, गुरविंदर भाटिया, चंचल रवानी, बसंत हरलालका, विक्रम सिंह, निखिल साह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *