धनबाद क्रिकेट संघ के लिए यादगार रहा सत्र 2025-26, खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
धनबाद, 28 जुलाई। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के लिए सत्र 2025-26 उपलब्धियों से भरा रहा। इस सत्र में जिले के कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पुरुष और महिला क्रिकेटरों ने विभिन्न बीसीसीआई और झारखंड क्रिकेट संघ (जेएससीए) की प्रतियोगिताओं एवं कैंपों में अपनी जगह बनाकर धनबाद का नाम रोशन किया।
इस सत्र में धनबाद के कोनैन कुरैशी का चयन बीसीसीआई के इमर्जिंग इंडिया टूर्नामेंट और ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप के लिए हुआ। वहीं महिला क्रिकेट में धनबाद की नेहा कुमारी साव और वृष्टि कुमारी बीसीसीआई के अंडर-19 एलीट कैंप का हिस्सा बनीं।
धनबाद क्रिकेट संघ ने जेएससीए की तीन प्रमुख ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया। धनबाद की टीम ने जेएससीए अंतर जिला अंडर-14, जेएससीए अंतर जिला अंडर-19 (एलीट) और सीनियर रणवीर वर्मा ट्रॉफी में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
झारखंड टीम में धनबाद के खिलाड़ियों का दबदबा
बीसीसीआई की प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में भी धनबाद के क्रिकेटरों की अच्छी भागीदारी रही। दिव्यांशु कुमार, सौविक भट्टाचार्य और रूद्र नारायण मिश्रा का चयन झारखंड अंडर-16 टीम में हुआ। वहीं सिद्धार्थ सिन्हा झारखंड अंडर-19 टीम का हिस्सा बने। कोनैन कुरैशी ने झारखंड सीनियर टीम की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी प्रतिनिधित्व किया।
जेएससीए इंटर जोनल अंडर-16 टूर्नामेंट के लिए धनबाद के दिव्यांशु कुमार, सौविक भट्टाचार्य, रूद्र नारायण मिश्रा, दिशांक शेखर, वीर सिंह, अद्विक यादव, अंकेश कुमार और रिद्धान चौरसिया चुने गए।
वहीं जेएससीए अंडर-19 इंटर जोनल टूर्नामेंट के लिए सिद्धार्थ सिन्हा, स्वरित सिंह, रूद्र नारायण मिश्रा, आनंद राज, एकलव्य सिंह और दिव्यांशु कुमार का चयन हुआ। अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस बॉलिंग कैंप के लिए एकलव्य सिंह, आनंद राज, दिव्यांशु कुमार और रोहित कुमार को बुलाया गया।
सीनियर ब्वॉयज फिटनेस कैंप में धनबाद के कोनैन कुरैशी, प्रतीक रंजन, राहुल प्रसाद और आर्यमन लाला को जगह मिली।
महिला क्रिकेटरों ने भी बढ़ाया धनबाद का मान
महिला क्रिकेट में भी धनबाद की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 कैंप के लिए धनबाद की नौ खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया। इनमें माही कुमारी, किंजल सिंह, समृद्धि कुमारी, रिया कुमारी यादव, सगुन सिंह, अन्नू कुमारी यादव, अनुप्रिया लाल, दीपिका कुमारी और संस्कृति शामिल रहीं।
झारखंड अंडर-15 टीम में माही कुमारी, किंजल सिंह और समृद्धि कुमारी का चयन हुआ। वहीं अंडर-19 स्टेट कैंप में आयशा अली, नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी, बबली कुमारी और अंकिता मौर्य शामिल हुईं। इनमें नेहा, वृष्टि और बबली को झारखंड टीम में जगह मिली।
अंडर-23 स्टेट कैंप के लिए नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी, अनंदिता किशोर, शिफा हसन और पल्लवी कुमारी को बुलाया गया। इनमें नेहा, वृष्टि, अनंदिता और शिफा का चयन राज्य टीम के लिए हुआ।
सीनियर महिला फिटनेस कैंप में अनंदिता किशोर, दुर्गा कुमारी मुर्मू, नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी और शिफा हसन को आमंत्रित किया गया, जिसमें दुर्गा, अनंदिता और वृष्टि झारखंड टीम में चयनित हुईं।
धनबाद क्रिकेट संघ के लिए यह सत्र खिलाड़ियों की सफलता, टीमों की उपलब्धियों और भविष्य की मजबूत नींव के लिहाज से बेहद खास रहा। संघ को उम्मीद है कि आने वाले सत्रों में भी धनबाद के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
