पूर्वी सिहंभूमि

टाटा आर्चरी एकेडमी की के युक्ता श्री एशिया कप चयन ट्रायल्स में प्रथम स्थान पर

पूर्वी सिंहभूम, 6 नवंबर। टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज के. युक्ता श्री ने एशिया कप स्टेज-3 चयन ट्रायल्स में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है।

टाटा स्टील ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगामी एशिया कप चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है, जो जेद्दा, सऊदी अरब में आयोजित की जाएगी। आंध्र प्रदेश की रहने वाली युक्ता ने 1 अक्टूबर 2024 को टाटा आर्चरी एकेडमी में दाखिला लिया था। एकेडमी के विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई है।

मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर युक्ता ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। देशभर से 150 से अधिक महिला तीरंदाजों ने एशिया कप चयन ट्रायल्स में भाग लिया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच युक्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान अर्जित किया। यह उनका भारतीय टीम में पहला चयन है, जो उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।

युक्ता श्री ने भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उनका कौशल, एकाग्रता और दृढ़ निश्चय उन्हें देश की सबसे संभावनाशील युवा तीरंदाजों में से एक बनाते हैं। टाटा आर्चरी एकेडमी का विश्वास है कि युक्ता आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *