धनबाद

अवैध लॉटरी गिरोह के पांच धंधेबाज गिरफ्तार, लाखों के टिकट और लैपटॉप बरामद

धनबाद, 6 नवंबर । गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में पुलिस ने अवैध लॉटरी का धंधा करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ गुरुवार को किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहमद शाहिद, शाहरुख़ खान, अकबर अली, कैसर अंसारी और मोहमद जानू के रूप में हुई है जो सभी देवघर जिले के निवासी बताए गए हैं।

सूचना मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोविंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 50 लाख रुपये के लॉटरी टिकट, 11 हजार 650 पार्सल प्लास्टिक पैक टिकट, दो लैपटॉप, तीन प्रिंटर, कई मोबाइल फोन, दो स्टेपलर मशीन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

वहीं, इस संबंध में गुरुवार को डीएसपी-1 शंकर कामती ने जानकारी देते हुए कहा कि सभी आरोपित बड़े स्तर पर अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई, पैकिंग और सप्लाई का काम करते थे, जो विभिन्न जिलों में भेजे जाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनसे इस अवैध कारोबार के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

धनबाद पुलिस ने पूरे मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *