छात्रा ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह, 31 जनवरी । नगर थाना क्षेत्र के बरगण्डा में शनिवार को इंटर की एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली। छात्रा का शव किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटक मिला है।बताया गया कि इससे पहले उसने अपने मोबाइल फोन से घर वालों को मैसेज किया। छात्र ने कहा कि जहर खा ली है। बचा पाओगे तो बचा लो ।
मृत छात्रा की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह निवासी परमेश्वर मंडल की 17 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पूजा पढ़ाई में मेहनती थी, लेकिन वह किस कारण मानसिक तनाव में थी, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। भाई विशाल कुमार मंडल के अनुसार, पूजा ने खुदकुशी करने से ठीक पहले शनिवार की सुबह परिजनों को मोबाइल पर मैसेज भेजा था। मैसेज मिलते ही हमलोग पूजा के किराए के कमरे पर पहुंचे। तब तक उसने सुसाइड कर लिया था। पूजा 11 वीं कक्षा की छात्रा थी । कुछ महीनों से बरगण्डा स्थित दीपक कुमार के घर में किराए पर रह कर कोचिंग की तैयारी कर रही थी ।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया । पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
