स्टेट बार काउंसिल का चुनाव की घोषणा, 12 मार्च को होगा मतदान

Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। संबंधित अधिसूचना जारी भी कर दी गई है। स्टेट बार काउंसिल के अनुसार, नई कमेटी के गठन के लिए 12 मार्च को राज्यभर के वकील मतदान करेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी जिलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बार काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि इस बार चुनाव प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार पूरी की जाएगी। मतदान से लेकर मतगणना तक सभी चरण तय नियमों के तहत होंगे, ताकि चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
10 और 11 फरवरी को नामांकन
चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी 10 और 11 फरवरी को अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की तिथियां तय होते ही संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
23 सदस्यों के लिए होगा चुनाव
इस बार स्टेट बार काउंसिल की 23 सदस्यीय कमेटी के लिए चुनाव कराया जाएगा। राज्यभर के लगभग 18 हजार से अधिक वकील अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
महिला वकीलों के लिए 7 सीटें आरक्षित
चुनाव में महिला वकीलों को विशेष प्रतिनिधित्व देते हुए 7 सीटें उनके लिए आरक्षित रखी गई हैं। शेष सीटों पर पुरुष वकील अपनी दावेदारी पेश करेंगे। चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद वकीलों के बीच चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कई वरिष्ठ और युवा वकील मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
