Home

रांची : कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमिटी का गठन, सोमनाथ मुंडा बने अध्यक्ष

सोमनाथ मुंडा

Ranchi : कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में राज्य के सभी जिलों में जिला राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया गया है। इस कड़ी में रांची जिले की जिला राजनीतिक मामलों की समिति की घोषणा कर दी गई है।

रांची जिला समिति की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को सौंपी गई है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि जिले में संगठनात्मक समन्वय, निर्णय प्रक्रिया और राजनीतिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

घोषित 18 सदस्यीय समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद कालीचरण महतो, मंत्री-विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, विधायक राजेश कश्यप, एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला परिषद सदस्य हिना परवीन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा सहित कई वरिष्ठ और सक्रिय नेता शामिल हैं।

यह समिति जिले में कांग्रेस संगठन के कामकाज, राजनीतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करेगी। साथ ही पार्टी के भीतर आपसी तालमेल बनाए रखना, मतभेदों का समाधान करना और कार्यकर्ताओं से संवाद को मजबूत करना भी समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा।

समिति की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएंगी और इन बैठकों से निकलने वाले सुझाव व निर्णयों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, ताकि संगठनात्मक रणनीति को और अधिक धार दी जा सके।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जिला राजनीतिक मामलों की समिति के गठन से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना अधिक संगठित तरीके से किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *