Home

CM हेमंत सोरेन के खिलाफ बयानबाजी पर बवाल, महिलाओं ने अरगोड़ा थाना में दी शिकायत


रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग को लेकर आदिवासी नेत्री निशा भगत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस मामले को लेकर राजधानी रांची में विरोध का स्वर तेज होता जा रहा है।

सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर रांची के अरगोड़ा थाना पहुंचकर निशा भगत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत करने वाली महिलाओं का आरोप है कि निशा भगत ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सार्वजनिक मंच और सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया है, जिससे न केवल मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की छवि भी प्रभावित हुई है।

महिलाओं ने कहा कि एक जिम्मेदार सार्वजनिक जीवन से जुड़ी व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत के बयान महिलाओं और आदिवासी समाज की भावनाओं को आहत करने वाले हैं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं।

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि निशा भगत के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए और उनके बयानों की गंभीरता से जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। महिलाओं का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे बयान भविष्य में सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

अरगोड़ा थाना पुलिस ने महिलाओं की लिखित शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *