झारखंड में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं भरा एसआईआर प्रपत्र

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर सत्यापन कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की अपील की
रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्र वितरित कर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एसआईआर एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ वेरोनिका देवी ने मुख्यमंत्री से प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है और प्रत्येक मतदाता का विवरण सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है।
मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे न केवल स्वयं समय पर एसआईआर प्रपत्र भरकर अपना सत्यापन कराएं, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
निर्वाचन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची , अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहे।
