हिमांशु सिंह हत्याकांड पर 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सवर्ण महासंघ और ब्राह्मण समाज का समर्थन
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
जमशेदपुर। हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 3 जुलाई को आहूत जमशेदपुर बंद को सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत और ब्राह्मण समाज (वशिष्ठ सेवा शौर्य समिति) ने समर्थन देने की घोषणा की है। इस संबंध में दोनों संगठनों की ओर से संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।
बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी भूमिका निभाने में असफल रही है, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े किए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही शहर में चापड़बाजी, लूट और चेन छिनतई जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि होने से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में विफल रही है, जिसके कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा और नौकरी की मांग
ब्राह्मण समाज के संरक्षक डॉ. दिलीप ओझा और मुन्ना चौबे ने मांग की कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की भी मांग की।
दोनों नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों से 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
