Home

चतरा में तस्करी नेटवर्क पर प्रहार, लकड़ी और 282 किलो डोडा के साथ तस्कर गिरफ्तार

चतरा

Chatra : चतरा जिले में पुलिस ने तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान लकड़ी और 282 किलो डोडा जब्त किया गया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ संदीप सुमन ने रविवार को मीडिया को बताया कि पहली कार्रवाई प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सहरिया चौक के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि मनातू की ओर से बिहार के रास्ते लकड़ी की तस्करी हो रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक नीले ट्रैक्टर को रोका। जांच में ट्रॉली से 24 पीस लकड़ी के बोटे बरामद हुए। हालांकि, चालक पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर और लकड़ी को जब्त कर लिया। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक राम विजय यादव और अज्ञात चालक के खिलाफ प्रतापपुर थाना कांड संख्या 42/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने बेलवादहर गांव के पास एक मालवाहक ऑटो को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान धान की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 282 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। यह खेप कुंदा से बिहार ले जाई जा रही थी। मौके से ऑटो चालक अजय कुमार साव (27) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ प्रतापपुर थाना कांड संख्या 43/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *