बाइक चोर गिरोह के छह आरोपित गिरफ्तार, 10 बाइक बरामद
पूर्वी सिंहभूम, 17 नवंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 10 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। इस मामले में छह आरोपितों को पकड़ा गया है, जिनमें एक बालिग और पांच विधि-विरुद्ध किशोर शामिल हैं। मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की विशेष टीमें गठित कर छापेमारी और वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर छह युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 10 स्प्लेंडर बाइक बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए छह युवकों में पांच विधि-विरुद्ध किशोर हैं। बालिग आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि किशोरों के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस बरामद बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों तथा चोरी से जुड़े मामलों का सत्यापन कर रही है।
इधर, धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने भी बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद लागुरी ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना गेट के पास वाहन जांच के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे दो युवकों को रोका गया। बाइक के कागजात नहीं दिखाने पर उनसे पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने 13 नवंबर को मुड़ाकाटी गांव में आयोजित बांदना पर्व मेले से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। इस मामले में फुदान हांसदा (19) और चेंगजोड़ा गांव के एक नाबालिग को पकड़ा गया था।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की बाइक और लॉक खोलने में इस्तेमाल की जाने वाली मास्टर-की बरामद की गई। पूछताछ में पश्चिम बंगाल और ओडिशा के चोर बाजारों में चोरी की बाइक बेचने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मुसाबनी, गालूडीह और कपाली क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोहों से संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अब चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ और बरामद वाहनों के सत्यापन के बाद जिले में बाइक चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
