रांची

11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत

धान खाने के लिए खेत की ओर जा रहा था हाथी, नीचे लटक रहे तार के संपर्क में आने से गई जान; ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

चांडिल/रांची, 17 नवंबर। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र के गुंडा गांव स्थित डीटांड टोला में सोमवार देर रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में झूलते बिजली तारों को दुरुस्त करने की मांग की है।

धान खाने खेत की ओर जा रहा था हाथी

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जंगली हाथी धान खाने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पार करते समय वह नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम

हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

झूलते तारों को दुरुस्त करने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई जगह बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इससे जंगली जानवरों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल झूलते तारों की मरम्मत कराने और उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *