108 एंबुलेंस कर्मी 18 नवंबर की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे
तीन महीने का वेतन बकाया, वेतन कटौती और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग; एनएचएम कार्यालय के समक्ष देंगे धरना
रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी 18 नवंबर 2026 की रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने लंबित मांगों को लेकर यह निर्णय लिया है। हड़ताल के दौरान कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा फरवरी 2025 से कथित रूप से की जा रही मनमानी वेतन कटौती की जांच, काटी गई राशि की वापसी और संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है।
एंबुलेंस मरम्मत और फर्जी केस आईडी का भी उठाया मुद्दा
नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा फर्जी केस आईडी बनाने और कर्मचारियों पर निजी राशि खर्च कर एंबुलेंस की मरम्मत कराने का दबाव बनाने जैसे मामले भी सामने आए हैं। संघ ने इन सभी मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
छठ पूजा तक समाधान का मिला था आश्वासन
संघ के अनुसार, पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान छठ पूजा तक करने का आश्वासन दिया गया था। इस भरोसे पर कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
आंदोलन की रणनीति के लिए आज बैठक
आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए 18 नवंबर 2026 को भारतीय मजदूर संघ के धुर्वा स्थित कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी जिलों के अध्यक्ष और सचिव शामिल होंगे। संघ ने राज्य के सभी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
