Home

कल राँची और धनबाद से होगी सेपकटकरा अस्मिता लीग की शुरुआत, तैयारियाँ पूरी

राँची, 25 जुलाई। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के अस्मिता अभियान के अंतर्गत झारखंड में सेपकटकरा अस्मिता लीग का आगाज़ रविवार (26 जुलाई) से राँची और धनबाद में होगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर दोनों जिलों में सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड एवं संबंधित जिला सेपकटकरा एसोसिएशनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लीग का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की खेलों में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना, उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

लीग के प्रथम चरण की प्रतियोगिताएँ राँची के मनन विद्या स्कूल और धनबाद के क्रीसेंट इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होंगी। इसके बाद दूसरे चरण की प्रतियोगिताएँ 2 अगस्त को देवघर इंडोर हॉल और गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में खेली जाएँगी।

राँची और धनबाद में प्रतियोगिता स्थलों पर खेल उपकरण, खिलाड़ियों का पंजीकरण, तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति, मैच संचालन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

इस संबंध में शनिवार को आयोजित बैठक में सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष उदय साहू, चेयरमैन सुनील सूर्यांत, शिवेंद्र दूबे, चंचल भट्टाचार्य, मनोज कुमार महतो, राजकुमार जैन, कुणाल साह, विभूति भूषण अमर, राजीव रंजन, देव रत्न चौधरी और अमरेंद्र दत्त द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

अध्यक्ष उदय साहू ने कहा कि अस्मिता लीग में विभिन्न आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन झारखंड में सेपकटकरा खेल के विकास और महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *