खेलरांची

नन्हे कदमों ने गढ़ा सुनहरा भविष्य: राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, गिरिडीह बना डबल चैंपियन

रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) की ओर से रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांके के विधायक सुरेश कुमार बैठ थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के रेफरी विभाग के प्रबंधक राहुल गुप्ता, ऑपरेशन प्रबंधक अनुप कुमार तथा जेएसएसपीएस की पुष्पा हसा मौजूद रहीं। अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।

मुख्य अतिथि सुरेश कुमार बैठ ने कहा कि विद्यालय स्तर पर शुरू की गई यह पहल झारखंड में फुटबॉल की मजबूत नींव तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आयु में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर मिलने से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। यदि खिलाड़ी अनुशासन और निरंतर अभ्यास बनाए रखें तो भविष्य में यही खिलाड़ी फीफा, डूरंड कप और अन्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया, वह राज्य में फुटबॉल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता अब प्रतिभा संवर्धन का प्रभावी मंच बन चुकी है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिलेंगे।

गिरिडीह ने दोनों वर्गों में जीता खिताब

बालिका वर्ग के रोमांचक फाइनल में गिरिडीह ने सिमडेगा को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि साहेबगंज तीसरे स्थान पर रहा।

बालिका वर्ग के व्यक्तिगत पुरस्कार:

  • प्लेयर ऑफ द मैच – अन्नू कुमारी (गिरिडीह)
  • बेस्ट गोलकीपर – सिमरन मार्की (सिमडेगा)
  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – एंजल टोपनो (सिमडेगा)

बालक वर्ग के फाइनल में भी गिरिडीह ने रामगढ़ को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पाकुड़ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बालक वर्ग के व्यक्तिगत पुरस्कार:

  • प्लेयर ऑफ द मैच – संजय हेंब्रोम (गिरिडीह)
  • बेस्ट गोलकीपर – आयुष तिर्की (रामगढ़)
  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – नीतीश मरांडी (गिरिडीह)

सोम मुर्मू बने ओवरऑल बेस्ट प्लेयर

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सरायकेला के सोम मुर्मू को ओवरऑल बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सम्मान से नवाजा गया।

समारोह का संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया। इस अवसर पर विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग तथा खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *