झारखंड की बेटियों का जलवा : पुष्पा मांझी की हैट्रिक, संदीपा और श्रुति के गोल से भारत एशियन हॉकी 5s के फाइनल में

रांची, 25 जुलाई 2026: मस्कट (ओमान) में आयोजित विमेंस एशियन हॉकी 5s चैंपियनशिप के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कजाकिस्तान को 8-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों ने सबसे अहम भूमिका निभाई। टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहीं झारखंड की संदीपा कुमारी ने मुकाबले के 5वें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला और टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद झारखंड की स्टार खिलाड़ी पुष्पा मांझी ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 6वें, 8वें और 8वें मिनट में लगातार तीन गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की। उनकी इस विस्फोटक पारी ने भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।
झारखंड की एक अन्य खिलाड़ी श्रुति कुमारी ने भी 16वें मिनट में गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारतीय टीम के लिए कुल पांच खिलाड़ियों ने गोल किए—
- पुष्पा मांझी – 6′, 8′, 8′ (3 गोल)
- दिया (कप्तान) – 13′, 16′ (2 गोल)
- संदीपा कुमारी – 5′ (1 गोल)
- श्रुति कुमारी – 16′ (1 गोल)
- नौशीन नाज – 20′ (1 गोल)
मुख्य कोच रानी और टीम मैनेजर प्रबल पांडेय के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पूरे मैच में आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया तथा कजाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 8-1 से शिकस्त दी।
झारखंड की खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि राज्य की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी की मजबूत पहचान बन चुकी हैं। संदीपा का शुरुआती गोल, पुष्पा की हैट्रिक और श्रुति का गोल भारतीय जीत की सबसे बड़ी ताकत बने।
अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां भारत का सामना चीन से होगा। पूरे देश सहित झारखंडवासियों को भारतीय टीम से स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है।
हॉकी झारखंड एवं खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार ने भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में शानदार जीत की बधाई देते हुए फाइनल मुकाबले के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
