मानव सेवा की मिसाल बना सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम, 1.72 लाख लोगों को मिला भोजन
रांची : रांची के पुंदाग स्थित परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में संचालित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट मानव सेवा, करुणा और धर्म का प्रेरणादायी केंद्र बनकर उभरा है। ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) एवं श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।
आश्रम में वर्तमान में लगभग 50 मंदबुद्धि, दिव्यांग एवं निराश्रित लोगों की निःस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है। यहां रहने वाले जरूरतमंदों को प्रतिदिन तीनों समय निःशुल्क भोजन, वस्त्र, स्वास्थ्य देखभाल और सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आश्रम में उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवनयापन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे यह स्थान बेसहारा लोगों के लिए परिवार जैसा सहारा बन गया है।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि पिछले एक वर्ष में आश्रम में करीब 72 हजार निराश्रितों एवं सेवादारों को भोजन कराया गया। यह सेवा कार्य लगातार जारी है और प्रतिदिन मानवता एवं समर्पण का संदेश दे रहा है।
वहीं, श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में प्रत्येक रविवार को अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया जाता है, जिसमें लगभग 2 हजार श्रद्धालु एवं जरूरतमंद लोग भोजन ग्रहण करते हैं। बीते एक वर्ष में करीब 1 लाख लोगों ने महाप्रसाद प्राप्त किया।
इस प्रकार आश्रम एवं मंदिर दोनों स्थानों को मिलाकर लगभग 1 लाख 72 हजार लोगों को भोजन कराया गया, जो समाज सेवा और मानव कल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।
इन सेवा कार्यों को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, निर्मल छावनिका, सुरेश अग्रवाल, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, मनीष सोनी, सुनील पोद्दार, नंदकिशोर चौधरी, सुरेश चौधरी, विशाल जालान, पंडित अरविंद पांडे, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विष्णु सोनी सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा यह सेवा अभियान न केवल भूखों को भोजन उपलब्ध करा रहा है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी प्रसारित कर रहा है।
