महंगाई के खिलाफ झारखंड कांग्रेस का हल्लाबोल, रांची में जोरदार प्रदर्शन

Ranchi : रांची में बढ़ती महंगाई को लेकर झारखंड कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, दूध, दही और रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस से लेकर खाने-पीने की चीजों तक हर सामान महंगा हो गया है। नेताओं का कहना था कि मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार लोगों को राहत देने के बजाय सिर्फ बड़े पैमाने पर दावा कर रही है।
प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर हर चीज पर पड़ रहा है और इसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस लगातार आंदोलन करेगी। कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। भाजपा ने इस प्रदर्शन को राजनीतिक ड्रामा बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पहले अपने स्तर पर टैक्स कम करे, तभी जनता को राहत मिल सकती है।
