शराब माफियाओं पर चाईबासा पुलिस का वार, कई भट्ठियां ध्वस्त, चार गिरफ्तार

Chaibasa : चाईबासा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी सह ग्रामीणों के मार्गदर्शन में गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 9 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की। यहां अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से करीब 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई।
मंझारी में भी कार्रवाई, आरोपी फरार
मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में छापेमारी के दौरान 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि इस मामले में आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दण्डासाई और बाराकुली इलाके में भी कार्रवाई की गई। यहां दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

झींकपानी में भट्ठियां ध्वस्त, बड़ी मात्रा में शराब नष्ट
झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान करीब 80 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई, जबकि लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
