धनबाद

धनबाद पुलिस का बड़ा रिकॉर्ड, शिकायत निवारण में पूरे झारखंड में नंबर-1

Dhanbad : धनबाद पुलिस ने केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (पीजी पोर्टल) पर दर्ज शिकायतों के निष्पादन में पूरे झारखंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर अब सामने आने लगा है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले में आने वाली सभी शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हर मामले की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि शिकायतकर्ताओं को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

19 मई तक 39 शिकायतें, 32 का हुआ निष्पादन

आंकड़ों के मुताबिक 1 मई से 19 मई के बीच पीजी पोर्टल पर धनबाद पुलिस को कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 32 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा कर दिया गया है, जबकि 7 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। इस प्रदर्शन के साथ धनबाद पुलिस राज्य में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी मामलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हो।

जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल की कोशिश

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी से कार्रवाई के जरिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। धनबाद पुलिस का प्रयास है कि हर शिकायत का समय पर समाधान हो और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *