रांची

जनगणना मैपिंग में गड़बड़ी का आरोप, नवाडीह के ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

Ranchi: जामताड़ा प्रखंड के नवाडीह गांव में जनगणना 2026 के तहत चल रहे मैपिंग कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कथित गड़बड़ी और गांव के बड़े हिस्से को दूसरे पंचायत क्षेत्र में जोड़ने के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंच गए और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत आने वाले नवाडीह गांव की मैपिंग संख्या 0009 को बदलकर 0226 कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि यह संख्या करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र से जुड़ी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक इस बदलाव की वजह से गांव के करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा लोगों की मैपिंग मोहनपुर पंचायत में दर्ज हो गई है। इससे भविष्य में सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और प्रशासनिक कार्यों में दिक्कत आने की आशंका बढ़ गई है।

“तकनीकी गलती नहीं, लापरवाही का मामला”
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यह सिर्फ तकनीकी त्रुटि नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है। उनका आरोप है कि मैपिंग कार्य में लगे कर्मियों और बीएलओ स्तर पर बड़ी चूक हुई है, जिसकी वजह से पूरे गांव का रिकॉर्ड प्रभावित हो गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोबारा सही तरीके से मैपिंग कराई जाए।

नई टीम से दोबारा मैपिंग कराने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान टीम की जगह दूसरी टीम लगाकर नवाडीह गांव की दोबारा मैपिंग कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति के अनुसार रिकॉर्ड तैयार हो सके। प्रदर्शन के दौरान मनोज मंडल, बापी दास, एजाज खान, समीम खान, मोबीन खान, संजय दास, मनोज दास और शमशेर खान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रशासन ने जांच और सुधार का दिया भरोसा
मामले पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि जनगणना मैपिंग का काम प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों के जरिए कराया जा रहा है। अगर किसी स्तर पर गलती हुई है तो उसमें सुधार संभव है। उन्होंने बताया कि पहले भी गैप और ओवरलैपिंग जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं, जिन्हें ठीक कर लिया गया था। हालांकि नवाडीह का मामला अलग तरह का है और इसकी जांच कर जल्द जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *