मारवाड़ी कॉलेज में रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय कुश्ती चयन ट्रायल संपन्न
25 खिलाड़ियों का चयन, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी रेसलिंग में करेंगे प्रतिनिधित्व
रांची : मारवाड़ी कॉलेज, रांची की मेजबानी में रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय कुश्ती सलेक्शन ट्रायल 2025 का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी स्थित कुश्ती कोर्ट में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. (डॉ.) सुदेश कुमार साहू ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और एकता की भावना भी पैदा करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे जीत या हार की चिंता किए बिना पूरे उत्साह और खेल भावना से प्रदर्शन करें।

मारवाड़ी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अत्यंत आवश्यक हिस्सा है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनता है। खेल से मानसिक दृढ़ता, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होता है।
इस ट्रायल में रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध मारवाड़ी कॉलेज, योगदा सत्संग महाविद्यालय (धुर्वा), आरएलएसवाई कॉलेज (रांची), केओ कॉलेज (गुमला), बीएस कॉलेज (लोहरदगा), सिमडेगा कॉलेज (सिमडेगा), एसएस मेमोरियल कॉलेज (रांची), महिला कॉलेज (लोहरदगा), गोस्सनर कॉलेज (रांची), यूकेएसएम कॉलेज (डकरा) और आरटीसी कॉलेज (ओरमांझी) के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
ट्रायल में कुल 10 महिला और 29 पुरुष प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चयनकर्ताओं ने पुरुष वर्ग से सात और महिला वर्ग से 15 खिलाड़ियों का चयन किया। चयनित खिलाड़ी आगामी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी रेसलिंग प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संपूर्ण आयोजन का संचालन कॉलेज के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राहुल कुमार और पीटीआई शिव सागर के नेतृत्व में हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज के बर्सर रोनाल्ड पंकज खलखो, झारखंड कुश्ती संघ के सचिव रजनीश कुमार सिंह, झारखंड हॉकी संघ के सचिव विजय कुमार, चयनकर्ता विजय वर्मा, धीरज महतो, बबलू कुमार, रोशन कुमार साहू, जुगल किशोर, देव कुमार और राजू कुमार, कोच मोहम्मद नसीम, झारखंड कुश्ती संघ की टेक्निकल टीम, विभिन्न कॉलेजों के खेल अधिकारी और पीटीआई, साथ ही मारवाड़ी कॉलेज के छात्र सुमित कुमार महतो और आशुतोष कुमार उपस्थित थे।
