Home

रांची में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो दिनों में 30 से ज्यादा गिरफ्तार

Ranchi : राजधानी रांची में अपराध और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस ने पिछले दो दिनों में “ऑपरेशन प्रहार” चलाकर 30 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 135 से अधिक लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया गया। इस अभियान के बाद अपराधियों और फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

देर रात तक चली छापेमारी

एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक कई इलाकों में दबिश दी। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी का कहना है कि कई आरोपी ऐसे थे जो काफी दिनों से लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर इनकी गिरफ्तारी की गई।

अपराध नियंत्रण के लिए बनाई गई विशेष रणनीति

एसएसपी ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” केवल एक सामान्य अभियान नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने की विशेष रणनीति का हिस्सा है। इस अभियान को समय-समय पर दोबारा सक्रिय किया जाता है, ताकि अपराधियों में पुलिस का डर बना रहे और कानून व्यवस्था मजबूत हो सके।

सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई

अभियान में शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की पुलिस टीमों को लगाया गया था। सिटी और रूरल एसपी के नेतृत्व में सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी होने से अपराधियों को संभलने का मौका नहीं मिला।

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा है कि अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लगातार चल रहे अभियान से आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *