झारखंड मदरसा परीक्षा का शेड्यूल जारी, 16 जून से होंगे एग्जाम

Ranchi : झारखंड अधिविद्या परिषद् (JAC) ने मदरसा परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद की ओर से जारी क्रमांक 35/2026 के अनुसार राज्यभर में कक्षा वस्तानियों से लेकर मौलवी स्तर तक की परीक्षाएं 16 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेंगी। JAC की ओर से मदरसा परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। यानी 16 जून को पहली पाली में ‘दिनियत-I’ और दूसरी पाली में ‘दिनियत-II’ की परीक्षा होगी।
इन विषयों की होगी परीक्षा
परीक्षा के दौरान अरबी, फारसी, उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और तारीखे इस्लाम समेत कई विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं मौलवी स्तर के छात्रों के लिए वाणिज्य, मनोविज्ञान, राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं भी निर्धारित की गई हैं।nJAC ने मदरसा प्रधानों को निर्देश दिया है कि वे 8 जून से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर छात्रों को उपलब्ध कराएं। वेबसाइट : jac.jharkhand.gov.in
10 से 12 जून के बीच मिलेगा रोल शीट
रोल शीट और अन्य जरूरी दस्तावेज संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 10 जून से 12 जून के बीच वितरित किए जाएंगे। मुख्य परीक्षा खत्म होने के बाद 24 जून से 2 जुलाई तक प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए प्रश्न पत्र और ब्लैंक मार्क्स फाइल 20 जून तक परिषद कार्यालय से प्राप्त करनी होगी।
