Home

नौकरी का झांसा, फिर देह व्यापार में धकेलने की कोशिश… गिरिडीह में जुड़वां बहनों को पुलिस ने बचाया

Giridih : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। यहां से दो नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों को काम दिलाने का झांसा देकर यहां लाया गया था और फिर जबरदस्ती गलत धंधे में धकेला जा रहा था। पुलिस जांच में पता चला है कि बरामद की गई दोनों लड़कियां सगी जुड़वां बहनें हैं। उन्हें बेहतर नौकरी और कमाई का लालच देकर गिरिडीह बुलाया गया था। यहां लाने के बाद उन्हें एक कमरे में रखा गया और देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

लड़कियों ने दिखाई हिम्मत, पुलिस को दी सूचना

किसी तरह मौका मिलते ही दोनों लड़कियों ने पचंबा थाना पुलिस को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। छापेमारी के दौरान आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक महिला काफी समय से इलाके में किराए का कमरा लेकर यह धंधा चला रही थी। आसपास के लोगों को भनक लगते ही वह अपना ठिकाना बदल देती थी। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि इस रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *