रांची मेट्रो की राह हुई आसान, केंद्र ने मांगा मोबिलिटी प्लान

Ranchi : रांची में मेट्रो ट्रेन चलने की उम्मीद तेज हो गई है। झारखंड सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने रांची मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सहमति जताई है और इसके लिए कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) मांगी है।
राज्य सरकार अगले 50 वर्षों की आबादी को ध्यान में रखकर डीपीआर तैयार कराएगी। प्रस्तावित योजना के तहत मेन रोड, डोरंडा, हिनू, एयरपोर्ट, धुर्वा, स्मार्ट सिटी और ग्रेटर रांची होते हुए रिंग रोड के आसपास मेट्रो लाइन बिछाने की तैयारी है। मेट्रो को औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने की भी योजना है।
डीपीआर बनने के बाद यह तय किया जाएगा कि मेट्रो कितने चरणों में बनेगी और इस पर कितना खर्च आएगा। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
मेट्रो से रांची को प्रदूषणमुक्त और जाममुक्त परिवहन व्यवस्था मिलेगी। निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ईंधन की बचत होगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। फिलहाल शहर का परिवहन ऑटो और टोटो पर निर्भर है।
नगर विकास सचिव सुनील कुमार ने बताया कि कंसल्टेंट की नियुक्ति के बाद सीएमपी तैयार किया जाएगा और रिंग रोड, स्मार्ट सिटी सहित पूरे शहर को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। इससे रांची की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
