झारखंड में कड़ाके की ठंड, 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Ranchi : झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पूर्व से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मौसम काफी खराब हो गया है। राजधानी समेत कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध छाया हुआ है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 9 बजे के बाद ही हल्की धूप नजर आ रही है, लेकिन दिनभर धूप का असर नहीं दिखता। रांची में विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। सुबह 8 बजे के आसपास वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
रांची मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। यहां 24 दिसंबर तक घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान और वायु गुणवत्ता
रांची में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री दर्ज किया गया है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 170 रहा। जमशेदपुर में तापमान 25 से 14 डिग्री के बीच रहा और AQI 194 रिकॉर्ड किया गया। धनबाद में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहा, जबकि यहां AQI 220 तक पहुंच गया। बोकारो में तापमान 23/12 डिग्री दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक 190 रहा। वहीं पलामू में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहा, जहां AQI 195 रिकॉर्ड किया गया।
सावधानी बरतने की सलाह
रांची, गुमला और खूंटी जैसे जिलों में सुबह 7 बजे के समय कोहरा इतना घना रहता है कि सामने खड़ा व्यक्ति भी साफ नजर नहीं आता। मौसम विभाग ने वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
