रांची में रसोई गैस की भारी किल्लत, गोदाम के बाहर लगी लंबी कतारें

Ranchi : रांची के कई इलाकों में रसोई गैस की कमी से उपभोक्ताओं का जीवन प्रभावित हो गया है। शनिवार से गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। रविवार को शहर के कई हिस्सों में लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों लाइन में खड़े रहे। कई जगहों पर तो गैस खत्म होने के कारण लोग बिना सिलेंडर ही लौट गए।
होटल और व्यवसाय पर असर
सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि होटल, ढाबा और कैंटीन संचालकों पर भी असर पड़ा है। कई व्यवसायियों ने बताया कि समय पर गैस नहीं मिलने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। अगर यही स्थिति जारी रही तो छोटे होटल और खाने-पीने के कारोबार को बड़ा नुकसान हो सकता है।
डिलीवरी चार्ज की शिकायतें
कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें एजेंसी के गोदाम से खुद सिलेंडर लेने पर भी डिलीवरी चार्ज वसूला जा रहा है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले में जांच हो और उचित कार्रवाई की जाए।
अमरावती कॉलोनी में भीड़
अमरावती कॉलोनी, कृष्णापुरी में गैस लेने वालों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े थे। कई लोगों को सिलेंडर मिलने में दो घंटे से अधिक समय लग गया।
नया नियम और लंबा इंतजार
उपभोक्ताओं ने बताया कि अब नया नियम लागू होने के बाद एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर करीब 25 दिनों के अंतराल पर ही मिलता है। इससे संयुक्त परिवारों को खास परेशानी हो रही है और लोग मजबूरी में ब्लैक मार्केट से सिलेंडर खरीदने को मजबूर हो सकते हैं।
जनता की नाराजगी
शहर के लोग कह रहे हैं कि पहले घर तक गैस डिलीवरी होती थी, लेकिन अब खुद जाकर सिलेंडर लेना पड़ता है। कई लोगों को सिलेंडर मिलने में देर हो रही है, जिससे एजेंसी के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
