रांची

रांची के बड़ा तालाब में मिला तीन दिनों से लापता 70 वर्षीय शाहिद अख्तर का शव, इलाके में सनसनी

ग्वाला टोली के रहने वाले थे मृतक, परिजनों ने हिंदपीढ़ी थाना में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की सूचना; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब में बुधवार सुबह एक 70 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। वह शहर के बिल्डर साहब अली के भाई थे। बताया जा रहा है कि शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से लापता थे।

तीन दिनों से परिजन कर रहे थे तलाश

परिजनों के अनुसार, शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से घर से लापता थे। उनकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने हिंदपीढ़ी थाना पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।

स्थानीय लोगों ने तालाब में देखा शव

बुधवार सुबह बड़ा तालाब में स्थानीय लोगों की नजर एक शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाहिद अख्तर की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *