रांची

राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल में झारखंड बना चैंपियन, फाइनल में दिल्ली को 1-0 से हराया

70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक टीम ने रचा इतिहास, कप्तान आदित्य तिर्की ने दागा निर्णायक गोल

रांची। झारखंड की अंडर-14 बालक फुटबॉल टीम ने 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (SGFI) 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर में मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड ने दिल्ली को 1-0 से पराजित कर खिताबी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही झारखंड के स्कूली खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया।

फाइनल मुकाबले में झारखंड के कप्तान आदित्य तिर्की ने निर्णायक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। झारखंड ने दिल्ली पर बनाई गई 1-0 की बढ़त को मुकाबले के अंत तक कायम रखा और राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। कप्तान आदित्य ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार नेतृत्व किया और टीम को खिताबी जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पूरे टूर्नामेंट में दिखाया दमदार खेल

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची के नेतृत्व में राज्य की टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल में भी टीम ने दबाव के बीच बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए दिल्ली को गोल करने का मौका नहीं दिया।

खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक और चैंपियन ट्रॉफी

प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छतरपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता झारखंड टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक, चैंपियन ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। टीम के कोच अभिजीत मंडल और मैनेजर जितेंद्र कच्छप को उनके योगदान एवं समर्पण के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोच अभिजीत मंडल और मैनेजर जितेंद्र कच्छप का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एकजुटता और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने दी खिलाड़ियों को बधाई

झारखंड की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता टीम को बधाई दी है।

उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीम का उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और सामूहिक प्रयास पूरे राज्य के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *